बोने वाले का दृष्टान्त
पद 1–91वह फिर झील के किनारे उपदेश देने लगा: और ऐसी बड़ी भीड़ उसके पास इकट्ठी हो गई, कि वह झील में एक नाव पर चढ़कर बैठ गया और सारी भीड़ भूमि पर झील के किनारे खड़ी रही। 2और वह उन्हें दृष्टान्तों में बहुत सी बातें सिखाने लगा, और अपने उपदेश में उन से कहा। 3सुनो: देखो, एक बोनेवाला, बीज बोने के लिये निकला! 4और बोते समय कुछ तो मार्ग के किनारे गिरा और पक्षियों ने आकर उसे चुग लिया। 5और कुछ पत्थरीली भूमि पर गिरा जहां उस को बहुत मिट्टी न मिली, और गहरी मिट्टी न मिलने के कारण जल्द उग आया। 6और जब सूर्य निकला, तो जल गया, और जड़ न पकड़ने के कारण सूख गया। 7और कुछ तो झाड़ियों में गिरा, और झाड़ियों ने बढ़कर उसे दबा लिया, और वह फल न लाया।
8परन्तु कुछ अच्छी भूमि पर गिरा; और वह उगा, और बढ़कर फलवन्त हुआ; और कोई तीस गुणा, कोई साठ गुणा और कोई सौ गुणा फल लाया। 9और उस ने कहा; जिस के पास सुनने के लिये कान हों वह सुन ले॥
“जिस के पास सुनने के लिये कान हों वह सुन ले॥”
एक ही बीज अलग-अलग प्रकार की भूमि पर गिरता है, लेकिन उसका परिणाम भूमि की स्थिति के अनुसार अलग होता है। दृष्टान्त आगे चलकर दिखाता है कि परमेश्वर का वचन सुनने के बाद मनुष्य उसे किस प्रकार ग्रहण करता है, यह अत्यन्त महत्वपूर्ण है।
दृष्टान्तों का उद्देश्य और सुनने वालों की जिम्मेदारी
पद 10–1310जब वह अकेला रह गया, तो उसके साथियों ने उन बारह समेत उस से इन दृष्टान्तों के विषय में पूछा। 11उस ने उन से कहा, तुम को तो परमेश्वर के राज्य के भेद की समझ दी गई है, परन्तु बाहर वालों के लिये सब बातें दृष्टान्तों में होती हैं। 12इसलिये कि वे देखते हुए देखें और उन्हें सुझाई न पड़े और सुनते हुए सुनें भी और न समझें; ऐसा न हो कि वे फिरें, और क्षमा किए जाएं। 13फिर उस ने उन से कहा; क्या तुम यह दृष्टान्त नहीं समझते? तो फिर और सब दृष्टान्तों को क्योंकर समझोगे?
“क्या तुम यह दृष्टान्त नहीं समझते? तो फिर और सब दृष्टान्तों को क्योंकर समझोगे?”
यीशु ने अपने चेलों को दृष्टान्तों का अर्थ समझाया। इसका संकेत यह है कि केवल सुन लेना पर्याप्त नहीं; परमेश्वर के वचन को समझना और उसके अर्थ को ग्रहण करना भी आवश्यक है।
बोने वाले के दृष्टान्त का अर्थ
पद 14–2014बोने वाला वचन बोता है। 15जो मार्ग के किनारे के हैं जहां वचन बोया जाता है, ये वे हैं, कि जब उन्होंने सुना, तो शैतान तुरन्त आकर वचन को जो उन में बोया गया था, उठा ले जाता है। 16और वैसे ही जो पत्थरीली भूमि पर बोए जाते हैं, ये वे हैं, कि जो वचन को सुनकर तुरन्त आनन्द से ग्रहण कर लेते हैं। 17परन्तु अपने भीतर जड़ न रखने के कारण वे थोड़े ही दिनों के लिये रहते हैं; इस के बाद जब वचन के कारण उन पर क्लेश या उपद्रव होता है, तो वे तुरन्त ठोकर खाते हैं।
18और जो झाड़ियों में बोए गए ये वे हैं जिन्होंने वचन सुना। 19और संसार की चिन्ता, और धन का धोखा, और और वस्तुओं का लोभ उन में समाकर वचन को दबा देता है। और वह निष्फल रह जाता है। 20और जो अच्छी भूमि में बोए गए, ये वे हैं, जो वचन सुनकर ग्रहण करते और फल लाते हैं, कोई तीस गुणा, कोई साठ गुणा, और कोई सौ गुणा॥
“जो वचन सुनकर ग्रहण करते और फल लाते हैं, कोई तीस गुणा, कोई साठ गुणा, और कोई सौ गुणा॥”
यीशु स्वयं इस दृष्टान्त की चार प्रकार की भूमि का अर्थ बताते हैं। मार्ग, पत्थरीली भूमि, झाड़ियां और अच्छी भूमि—ये वचन सुनने के प्रति अलग-अलग प्रतिक्रियाओं को दर्शाते हैं।
दीवट पर रखा प्रकाश और सुनने की सावधानी
पद 21–2521और उस ने उन से कहा; क्या दिये को इसलिये लाते हैं कि पैमाने या खाट के नीचे रखा जाए? क्या इसलिये नहीं, कि दीवट पर रखा जाए? 22क्योंकि कोई वस्तु छिपी नहीं, परन्तु इसलिये कि प्रगट हो जाए; 23और न कुछ गुप्त है पर इसलिये कि प्रगट हो जाए। यदि किसी के सुनने के कान हों, तो सुन ले। 24फिर उस ने उन से कहा; चौकस रहो, कि क्या सुनते हो? जिस नाप से तुम नापते हो उसी से तुम्हारे लिये भी नापा जाएगा, और तुम को अधिक दिया जाएगा। 25क्योंकि जिस के पास है, उस को दिया जाएगा; परन्तु जिस के पास नहीं है उस से वह भी जो उसके पास है; ले लिया जाएगा॥
“चौकस रहो, कि क्या सुनते हो?”
यीशु केवल यह नहीं कहते कि सुनो, बल्कि यह भी कहते हैं कि तुम क्या सुनते हो उस पर चौकस रहो। सुनना, समझना और उसके अनुसार जीवन जीना—वचन के प्रति हमारी जिम्मेदारी का हिस्सा है।
अपने आप बढ़ने वाले बीज का दृष्टान्त
पद 26–2926फिर उस ने कहा; परमेश्वर का राज्य ऐसा है, जैसे कोई मनुष्य भूमि पर बीज छींटे। 27और रात को सोए, और दिन को जागे और वह बीज ऐसे उगे और बढ़े कि वह न जाने। 28पृथ्वी आप से आप फल लाती है पहिले अंकुर, तब बाल, और तब बालों में तैयार दाना। 29परन्तु जब दाना पक जाता है, तब वह तुरन्त हंसिया लगाता है, क्योंकि कटनी आ पहुंची है॥
“पृथ्वी आप से आप फल लाती है पहिले अंकुर, तब बाल, और तब बालों में तैयार दाना।”
इस दृष्टान्त में बीज के बढ़ने की प्रक्रिया क्रमिक दिखाई गई है—पहिले अंकुर, फिर बाल और फिर तैयार दाना। परमेश्वर के राज्य के कार्य में भी बढ़ोतरी एक प्रक्रिया के रूप में दिखाई जाती है।
राई के दाने का दृष्टान्त
पद 30–3430फिर उस ने कहा, हम परमेश्वर के राज्य की उपमा किस से दें, और किस दृष्टान्त से उसका वर्णन करें? 31वह राई के दाने के समान है; कि जब भूमि में बोया जाता है तो भूमि के सब बीजों से छोटा होता है। 32परन्तु जब बोया गया, तो उगकर सब साग-पात से बड़ा हो जाता है, और उसकी ऐसी बड़ी डालियां निकलती हैं, कि आकाश के पक्षी उसकी छाया में बसेरा कर सकते हैं॥ 33और वह उन्हें इस प्रकार के बहुत से दृष्टान्त दे देकर उन की समझ के अनुसार वचन सुनाता था। 34और बिना दृष्टान्त कहे उन से कुछ भी नहीं कहता था; परन्तु एकान्त में वह अपने निज चेलों को सब बातों का अर्थ बताता था॥
“वह राई के दाने के समान है… परन्तु जब बोया गया, तो उगकर सब साग-पात से बड़ा हो जाता है।”
राई का दाना यहां छोटे आरम्भ और बड़े परिणाम की तस्वीर के रूप में प्रस्तुत किया गया है। यीशु ने दृष्टान्तों के द्वारा लोगों की समझ के अनुसार शिक्षा दी और एकान्त में अपने चेलों को उसका अर्थ समझाया।
यीशु ने आन्धी और लहरों को शान्त किया
पद 35–4135उसी दिन जब सांझ हुई, तो उस ने उन से कहा; आओ, हम पार चलें। 36और वे भीड़ को छोड़कर जैसा वह था, वैसा ही उसे नाव पर साथ ले चले; और उसके साथ, और भी नावें थीं। 37तब बड़ी आन्धी आई, और लहरें नाव पर यहां तक लगीं, कि वह अब पानी से भरी जाती थी। 38और वह आप पिछले भाग में गद्दी पर सो रहा था; तब उन्होंने उसे जगाकर उस से कहा; हे गुरु, क्या तुझे चिन्ता नहीं, कि हम नाश हुए जाते हैं?
39तब उस ने उठकर आन्धी को डांटा, और पानी से कहा; “शान्त रह, थम जा”: और आन्धी थम गई और बड़ा चैन हो गया। 40और उन से कहा; तुम क्यों डरते हो? क्या तुम्हें अब तक विश्वास नहीं? 41और वे बहुत ही डर गए और आपस में बोले; यह कौन है, कि आन्धी और पानी भी उस की आज्ञा मानते हैं?
“शान्त रह, थम जा”: और आन्धी थम गई और बड़ा चैन हो गया।
चेलों के लिये यह केवल आन्धी के थमने का अनुभव नहीं था। अन्त में उनका प्रश्न था—“यह कौन है?” प्रकृति पर यीशु का अधिकार उनके लिये उनके व्यक्तित्व और सामर्थ के विषय में एक गहरा प्रश्न खड़ा करता है।
परमेश्वर के वचन को और लोगों तक पहुँचाएँ
यदि इस सेवकाई के द्वारा आपको परमेश्वर के वचन से आशीष मिली है, तो आपका सहयोग इस संदेश को और लोगों तक पहुँचाने में सहायता कर सकता है।
सेवकाई में सहयोग करें

किसी भी UPI ऐप से QR स्कैन करके सहयोग करें।
0 टिप्पणियाँ